Elon Musk फिर बने दुनिया के सबसे अमीर: कुछ घंटों बाद ही Larry Ellison को पीछे छोड़ा, दोनों के बीच सिर्फ 1 अरब डॉलर का फर्क…

एलन मस्क ने एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है। बुधवार को कुछ समय के लिए ऑरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन उनसे आगे निकल गए थे, लेकिन दिन के अंत तक मस्क पुनः शीर्ष पर पहुंच गए।

Elon Musk again became the world's richest man

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, बुधवार रात तक एलन मस्क की कुल संपत्ति 384.2 अरब डॉलर रही, जो लैरी एलिसन से लगभग 1 अरब डॉलर अधिक है। इस प्रकार, एलन मस्क एक बार फिर से दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति बने।

ओरेकल के शेयरों में 43 फीसदी की वृद्धि:

 

ओरेकल के शेयरों में बुधवार को ऐतिहासिक उछाल देखने को मिली। दिन के दौरान शेयरों में 43 प्रतिशत तक की वृद्धि देखने को मिली और यह 36 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। यह 1992 के बाद से किसी एक दिन में कंपनी के शेयरों में हुई सबसे बड़ी बढ़त रही।

इस मजबूत प्रदर्शन के पीछे कंपनी की बेहतर आय और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग से जुड़े सकारात्मक अनुमानों का बड़ा योगदान रहा। इस बढ़त के चलते ओरेकल का बाजार मूल्य लगभग 244 अरब डॉलर बढ़कर लगभग 922 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

इसके साथ ही, ओरेकल ने एसएंडपी 500 रैंकिंग में भी उल्लेखनीय छलांग लगाई और 13वें स्थान से बढ़कर 10वीं सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई।

 

क्लाउड बिजनेस में रिकॉर्ड ग्रोथ

ओरेकल ने तिमाही परिणामों में ऐतिहासिक प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का तिमाही रेवेन्यू 14.9 अरब डॉलर रहा, जो सालाना आधार पर 12% की वृद्धि को दर्शाता है। खासतौर पर क्लाउड बिजनेस में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जहां रेवेन्यू 28% बढ़कर 7.2 अरब डॉलर तक पहुंच गया। कंपनी के Remaining Performance Obligations (RPOs) में भी भारी उछाल आया है, जो 359% बढ़कर 455 अरब डॉलर तक पहुंच गया। यह संकेत है कि भविष्य में ओरेकल की सेवाओं की मांग बेहद तेजी से बढ़ने वाली है।

 

लैरी एलिसन की संपत्ति में हुआ रिकॉर्ड तोड़ इजाफा:

ऑरेकल के शेयरों में आए जोरदार उछाल ने लैरी एलिसन की संपत्ति में भी इजाफा देखा गया। उनकी नेटवर्थ एक ही दिन में 89 अरब डॉलर बढ़कर 383.2 अरब डॉलर हो गई। दिन के दौरान यह बढ़त 101 अरब डॉलर तक पहुँची, जो ब्लूमबर्ग इंडेक्स में अब तक का सबसे बड़ा एक दिन का रिकॉर्ड है। इसी बढ़त ने उन्हें कुछ घंटों के लिए दुनिया का सबसे अमीर इंसान बना दिया।

 

लैरी एलिसन कौन हैं?

81 वर्षीय लैरी एलिसन अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी ओरेकल कॉर्पोरेशन के सह-संस्थापक (Founder) और वर्तमान में मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) हैं। उन्होंने वर्ष 1977 में ओरेकल की नींव रखी थी, जो आज दुनिया की सबसे बड़ी डेटाबेस सॉफ्टवेयर कंपनियों में गिनी जाती है। ओरेकल के ग्राहकों में दुनिया भर की सरकारें, बहुराष्ट्रीय कंपनियां और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां शामिल हैं।

व्यावसायिक सफलता के साथ-साथ एलिसन अपनी भव्य जीवनशैली के लिए भी चर्चा में रहते हैं। उनके पास हवाई में एक निजी द्वीप (Private Island) है। इसके अलावा उनके पास कई लग्जरी यॉट्स, प्राइवेट जेट और आलीशान प्रॉपर्टीज हैं। तकनीक की नई दिशाओं में भी उनकी गहरी रुचि है और वे हेल्थ टेक्नोलॉजी तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश करते हैं।

 

एलिसन की बहुआयामी संपत्ति और निवेश: लैरी एलिसन के पास न केवल Oracle में 40% हिस्सेदारी है, बल्कि टेस्ला में भी उनका निवेश है। एलिसन के बिजनेस इंटरेस्ट केवल टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं हैं – उनके पास हवाई द्वीप लनाई का मालिकाना हक है और वे इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट के भी मालिक हैं। टेक्नोलॉजी, निवेश और खेल तीनों क्षेत्रों में उनकी मजबूत उपस्थिति है।

 

जून 2025 में लैरी एलिसन पहुंचे थे दूसरे नंबर पर: ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, एलिसन जून 2025 में जेफ बेजोस और मार्क जुकरबर्ग को पीछे छोड़ते हुए दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे। वहीं, एलन मस्क मई 2024 से लगातार नंबर-1 की पोजीशन पर बने हुए थे। मस्क की नेटवर्थ का बड़ा हिस्सा टेस्ला से आता है, लेकिन इस साल टेस्ला के शेयरों में 13% की गिरावट आई, जिससे उनकी संपत्ति कम हुई। इसके उलट, 2025 में ओरेकल के शेयर अब तक 103% बढ़ चुके हैं।

 

एलन मस्क फिर बने दुनिया में सबसे अमीर:

एलन मस्क और लैरी एलिसन की संपत्ति में इस समय बेहद मामूली अंतर है। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार, मस्क की नेटवर्थ 384.2 अरब डॉलर और एलिसन की 383.2 अरब डॉलर है। यानी दोनों के बीच सिर्फ 1 अरब डॉलर का फर्क है। इसी छोटे से बढ़त के चलते बुधवार के अंत तक मस्क फिर से दुनिया के सबसे अमीर इंसान बन गए है।

 

कई बार बदलती रही है मस्क की रैंकिंग:

टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने 2021 में पहली बार दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने थे। इसके बाद कुछ समय तक अमेज़न फाउंडर जेफ बेजोस और LVMH चेयरमैन बर्नार्ड अरनॉल्ट रहे।

हालांकि, पिछले साल संपत्ति में आई जबरदस्त बढ़ोतरी से मस्क ने फिर से नंबर-1 की पोजिशन हासिल कर ली थी। लेकिन इस साल टेस्ला के शेयरों में अब तक 13% की भारी गिरावट ने उनकी नेटवर्थ पर सीधा असर डाला है।

 

2018 में लैरी एलिसन ने खरीदी थी टेस्ला में 1.6% की हिस्सेदारी

लैरी एलिसन और एलन मस्क के बीच पुरानी दोस्ती रही है। 2018 में एलिसन ने टेस्ला में 1.6% हिस्सेदारी खरीदी थी, जिसकी कीमत आज 15 अरब डॉलर से ज्यादा हो सकती है। वे 2018 से 2022 तक टेस्ला के बोर्ड का हिस्सा भी रहे। लेकिन अब दोनों नेटवर्थ की रेस में एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

जान लीजिए- “ओरेकल” (Oracle Corp) के बारे में:

  • स्थापना और मुख्यालय: ओरेकल की स्थापना 1977 में लैरी एलिसन, बॉब माइनर और एड ओट्स ने की थी। शुरू में इसे सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट लैबोरेटरीज (SDL) कहा जाता था। इसका मुख्यालय रेडवुड सिटी, कैलिफोर्निया, अमेरिका में है।
  • प्रमुख सेवाएं: ओरेकल डेटाबेस सॉफ्टवेयर, क्लाउड कंप्यूटिंग सर्विसेज और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर जैसे ERP, CRM और SCM प्रदान करती है।
  • लोकप्रिय डेटाबेस: ओरेकल डेटाबेस दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले रिलेशनल डेटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम्स (RDBMS) में से एक है।
  • क्लाउड प्लेटफॉर्म: ओरेकल क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर (OCI) IaaS, PaaS और SaaS सॉल्यूशंस प्रदान करता है, जो AWS और Microsoft Azure का मुकाबला करता है।
  • अधिग्रहण और टेक्नोलॉजी: ओरेकल ने नेटसूट, पिपल-सॉफ्ट, साइबेल और कैरनर जैसे बड़े अधिग्रहण किए हैं और AI, मशीन लर्निंग व ऑटोनॉमस डेटाबेस जैसी हाईटेक डेवलपमेंट्स पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

 

ओरेकल का AI पर बड़ा दांव: अर्निंग कॉल के दौरान सह-संस्थापक लैरी एलिसन ने कहा, “AI सब कुछ बदल देता है।” उन्होंने खुलासा किया कि एमेजॉन, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसे पार्टनर्स के साथ सहयोग से कंपनी के मल्टीक्लाउड डेटाबेस रेवेन्यू में 1,529% की वृद्धि दर्ज की गई है।

इसके साथ ही एलिसन ने ‘Oracle AI Database’ लॉन्च करने की घोषणा की, जिसके जरिए ग्राहक सीधे ओरेकल सिस्टम्स पर Gemini, ChatGPT और Grok जैसे बड़े भाषा मॉडल्स (Large Language Models) चला पाएंगे।

 

AI बूम से ओरेकल का ट्रिलियन डॉलर का सफर:

ओरेकल का क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर रेवेन्यू इस साल $18 बिलियन, 2027 तक $32 बिलियन और 2030 तक $144 बिलियन पहुंच सकता है। स्टारगेट प्रोजेक्ट में ओरेकल, OpenAI, सॉफ्टबैंक $500 बिलियन इन्वेस्ट कर रहे हैं। एलिसन की दोस्ती मस्क से भी फायदा: xAI को क्लाउड सर्विस दे रहे हैं। 

 

टॉप 10 अरबपतियों में कोई भारतीय नहीं:

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के टॉप 10 में एक भी भारतीय शामिल नहीं है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 97.9 अरब डॉलर (लगभग 8.60 लाख करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ 18वें नंबर पर हैं। वहीं, गौतम अडाणी 80.9 अरब डॉलर (करीब 7.07 लाख करोड़ रुपए) की संपत्ति के साथ 21वें नंबर पर हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स क्या है?

 

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स ब्लूमबर्ग न्यूज़ द्वारा प्रकाशित दुनिया के 500 सबसे धनी लोगों की दैनिक रैंकिंग है। इसे मार्च 2012 में लॉन्च किया गया था।

यह इंडेक्स दुनिया की सबसे बड़ी व्यक्तिगत संपत्ति को पारदर्शी और भरोसेमंद तरीके से दिखाने के लिए बनाया गया है। इसमें उन अरबपतियों को भी शामिल किया गया है, जिनकी संपत्ति का पहले सही हिसाब नहीं था। यह उनके धन और रिटर्न को ट्रैक और तुलना करता है।