ब्राज़ील, दक्षिण अमेरिका का सबसे बड़ा और विश्व का पाँचवाँ सबसे बड़ा देश है, जो अपनी अद्वितीय भौगोलिक संरचना, जैविक विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। यह देश अमेज़न वर्षावनों का घर है और फुटबॉल तथा संगीत जैसे लोकप्रिय सांस्कृतिक पहलुओं के लिए विशेष पहचान रखता है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ब्राज़ील की सक्रिय भूमिका और भारत जैसे उभरते देशों से इसके घनिष्ठ संबंध इसे वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण स्थान प्रदान करते हैं।
हाल ही में अमेरिका द्वारा भारत और ब्राज़ील पर एक समान टैरिफ लगाए जाने के बाद, दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच टेलीफोनिक बातचीत हुई। यह घटना इस बात का संकेत है कि भारत और ब्राज़ील एक-दूसरे को कितनी रणनीतिक और आर्थिक महत्ता देते हैं।
आज के इस आर्टिकल में ‘ब्राजील’ के बारे में जान लेते है-
भूगोल और स्थान:
ब्राज़ील दक्षिण अमेरिका के पूर्वी भाग में स्थित है और एक विशाल त्रिकोणीय आकार बनाता है। इसकी अक्षांश-देशांश स्थिति लगभग 5°16’ उत्तर से 33°45’ दक्षिण अक्षांश और 34°47’ से 73°59’ पश्चिम देशांश के बीच है। इसकी तटरेखा अटलांटिक महासागर के साथ लगभग 7,400 किलोमीटर लंबी है।
ब्राज़ील की सीमाएँ लगभग सभी दक्षिण अमेरिकी देशों से मिलती हैं, केवल चिली और इक्वाडोर को छोड़कर। देश के उत्तरी भाग में विश्व का सबसे बड़ा वर्षावन “अमेज़न” स्थित है। यह केवल एक नदी नहीं, बल्कि जलमार्गों के विस्तृत नेटवर्क के रूप में विद्यमान है जिसकी कुल लंबाई लगभग 6,840 किलोमीटर है। अमेज़न नदी में गुलाबी डॉल्फ़िन और पिरान्हा जैसी सैकड़ों प्रजातियाँ पाई जाती हैं।

प्रमुख तथ्य:
- राजधानी: ब्रासीलिया
- क्षेत्रफल: 85,15,767 वर्ग किलोमीटर
- जनसंख्या: 21.2 करोड़ (2024)
- आधिकारिक भाषा: पुर्तगाली
- औसत आयु (Life Expectancy): 75.85 वर्ष (2023)
- मुद्रा: ब्राज़ीलियन रियाल
इतिहास: ब्राज़ील का इतिहास उपनिवेशवाद, स्वतंत्रता, राजतंत्र, तख्तापलट और लोकतंत्र के दौर से गुजरा है।
- 1500 में पुर्तगालियों ने इस क्षेत्र पर कब्ज़ा किया और 1822 में स्वतंत्रता प्राप्त कर सम्राट पेड्रो प्रथम ने शासन संभाला।
- 1888 में दासप्रथा खत्म हुई और अगला साल राजशाही के अंत का रहा, जिसके बाद संघीय गणराज्य बना।
- 1930 में गेटुलियो वर्गास ने सत्ता संभाली और 15 वर्षों तक तानाशाही शासन चलाया।
- द्वितीय विश्व युद्ध में ब्राज़ील ने मित्र देशों का साथ दिया।
- 1964 में सैन्य शासन आया जो दो दशक तक चला और 1985 में लोकतंत्र की वापसी हुई।
- 1988 में नया संविधान बना और 1989 में पहले प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति बने।
- 2002 में लूला पहले वामपंथी राष्ट्रपति बने, जिनकी उत्तराधिकारी दिलमा रूससेफ़ 2016 में महाभियोग के बाद हटा दी गईं।
- 2018 में दक्षिणपंथी जायर बोल्सोनारो राष्ट्रपति बने, लेकिन 2022 में लूला दोबारा सत्ता में लौटे।
- 2023 में बोल्सोनारो समर्थकों ने ब्रासीलिया में हिंसा की, जिसे सरकार ने सख्ती से निपटने की बात कही।
- 2023 के बाद ब्राज़ील ने आपदाओं और आतंकी हमलों का सामना किया, सामाजिक व आर्थिक सुधार किए, अंतरराष्ट्रीय मंच पर सक्रिय रहा और भारत समेत अन्य देशों से व्यापार बढ़ाया गया, जबकि राजनीतिक तनाव के बीच पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो पर कार्रवाई से चुनावी माहौल प्रभावित हुआ।
जलवायु विविधता:
ब्राज़ील की जलवायु क्षेत्रीय रूप से अत्यंत विविध है। उत्तर में भूमध्यरेखीय उष्णकटिबंधीय जलवायु पाई जाती है, जबकि दक्षिण में शीतोष्ण परिस्थितियाँ विद्यमान हैं।
- औसत तापमान भूमध्यरेखा के समीप 25°C से अधिक रहता है, जबकि दक्षिणी भागों में 13°C से 22°C के बीच।
- अधिकतम तापमान: 44.8°C और न्यूनतम तापमान: -14°C
- अमेज़न क्षेत्र में वार्षिक वर्षा 2000–3000 मिमी, जबकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में केवल 560 मिमी तक सीमित रहती है।
लोग और संस्कृति: अधिकांश ब्राज़ीली तीन मुख्य जातीय समूहों से उत्पन्न हैं: अमेरिंडियन, यूरोपीय (मुख्यतः पुर्तगाली) और अफ्रीकी।
- ब्राज़ील में धार्मिक दृश्य 2022 तक कैथोलिक (56.7%), एवान्गेलीकल/प्रोटेस्टेंट (9%), धर्म-निरपेक्ष (9.3%), अफ्रीकी उद्गमी धर्म (1%) और अन्य (लगभग 7%) के मिश्रण में है।
- ब्राज़ील में फुटबॉल अत्यंत लोकप्रिय है। यह देश पाँच बार फीफा विश्व कप जीत चुका है और पेले जैसे महान खिलाड़ी यहाँ से आते हैं।
भारत-ब्राजील संबंध: भारत और ब्राज़ील के बीच गहरा और बहुआयामी संबंध है, जिसे 2006 में रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिला। दोनों देश BRICS, IBSA, G20, G-4, इंटरनेशनल सोलर अलायंस, ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस, और कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंस इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे मंचों पर भी सहयोग करते हैं। संयुक्त राष्ट्र, WTO, यूनेस्को और WIPO जैसे बड़े बहुपक्षीय संगठनों में भी उनकी साझेदारी मजबूत है। यह रिश्ता साझा वैश्विक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक मूल्यों और आर्थिक विकास के साथ सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने के संकल्प पर आधारित है।
भारत-ब्राजील व्यापारिक संबंध: भारत और ब्राज़ील के बीच व्यापार और निवेश का मजबूत और गतिशील संबंध है।
- 2024-25 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 12.20 बिलियन डॉलर पहुंचा, जिसमें भारत का ब्राज़ील को निर्यात 6.77 बिलियन डॉलर और ब्राज़ील से आयात 5.43 बिलियन डॉलर था।
- भारत से ब्राज़ील को मुख्य रूप से पेट्रोलियम उत्पाद, कृषि रसायन, दवाइयाँ, इंजीनियरिंग उत्पाद, और अल्यूमिनियम निर्यात होते हैं। वहीं ब्राज़ील से भारत को कच्चा तेल, सोयाबीन तेल, सोना, कच्चा चीनी, कपास, राल, लकड़ी, रसायन और लौह अयस्क मिलते हैं।
- भारत का ब्राज़ील में कुल निवेश 6 बिलियन डॉलर से अधिक है, जबकि ब्राज़ील का भारत में निवेश लगभग 1 बिलियन डॉलर है।
निष्कर्ष: ब्राज़ील एक विशाल, प्राकृतिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश है, जो जैव विविधता और संसाधनों के लिए प्रसिद्ध है। भारत के साथ इसके मजबूत रणनीतिक और व्यापारिक संबंध दोनों देशों के विकास और सहयोग को बढ़ावा देते हैं। यह साझेदारी भविष्य में और भी मजबूत होने की संभावना रखती है।