मेडागास्कर में Gen-Z का उग्र प्रदर्शन, सैन्य विद्रोह के बीच राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे

मेडागास्कर में हाल ही में उत्पन्न हुए सैन्य विद्रोह ने देश की राजनीति को हिला दिया है। राष्ट्रपति एंड्री रजोएलिना ने अपनी सुरक्षा का हवाला देते हुए देश छोड़ दिया और एक गुप्त स्थान पर शरण ली है। मेडागास्कर में हुए इस घटनाक्रम से न केवल शासन की विश्वसनीयता पर प्रश्न उठाया जा रहा है, बल्कि राजनीतिक स्थिरता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के भविष्य को लेकर गंभीर चिंताएँ पैदा हो गई है।

Madagascar witnesses violent Gen-Z protests

मेडागास्कर में हुए सैन्य विद्रोह की पृष्ठभूमि 

 

  • मेडागास्कर की राजधानी अंटानानारिवो में 25 सितंबर 2025 को व्यापक प्रदर्शन शुरू हुए, जो मुख्य रूप से विद्युत और जल की लगातार कमी से जुड़े हुए थे। ये बुनियादी सुविधाएँ लंबे समय से जनता की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक थीं, लेकिन सरकार की इन आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में विफलता ने आम नागरिकों में गहरा रोष पैदा कर दिया।
  • इसके बाद इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रपति एंड्री रजोएलिना ने 29 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री क्रिश्चियन न्त्साय को पद से हटा दिया। लेकिन यह कदम तात्कालिक राहत प्रदान करने में असफल रहा। प्रदर्शनकारियों की मांगें केवल व्यक्ति बदलने तक सीमित नहीं थीं; वे सख्त और स्थायी सुधारों की अपेक्षा कर रहे थे।
  • इसके बाद 12 अक्टूबर 2025 को CAPSAT यूनिट, एक प्रमुख सैन्य समूह जिसने 2009 में रजोएलिना को सत्ता में लाने में भूमिका निभाई थी, प्रदर्शन में शामिल हुआ। CAPSAT की भागीदारी से इस प्रदर्शन में नया मोड आ गया।
  • उसी दिन, 12 अक्टूबर की शाम को, CAPSAT ने अंटानानारिवो पर नियंत्रण हासिल कर लिया। जिसके बाद जनरल डेमोस्थेन पिकुलास को नए सशस्त्र बलों का प्रमुख नियुक्त कर दिया गया। 
  • जैसे-जैसे संकट बढ़ा, 13 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रपति रजोएलिना ने अपनी सुरक्षा और जीवन के खतरे का हवाला देते हुए मेडागास्कर छोड़ दिया। उन्हें फ्रांसीसी सैन्य विमान के माध्यम से देश से निकाला गया। इस दौरान उन्होंने विद्रोह की निंदा की और इसे अवैध सत्ता हड़पने का प्रयास बताया।

 

कौन है एंड्री रजोएलिना?

 

  • एंड्री रजोएलिना मेडागास्कर के एक लोकप्रिय राजनेता है। उनका जन्म 30 मई 1974 को मेडागास्कर की राजधानी अंटानानारिवो में हुआ था। 
  • अपने जीवन के शुरुआती समय में वे एक व्यवसायी थे, लेकिन बाद में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। 
  • रजोएलिना ने 2007 में अंटानानारिवो के मेयर के रूप में ख्याति प्राप्त की, जहाँ उन्होंने शहर के प्रशासनिक ढांचे में सुधार और स्थानीय विकास परियोजनाओं के माध्यम से जनता का ध्यान आकर्षित किया। 
  • रजोएलिना पहली बार राष्ट्रीय नेतृत्व में तब आए जब 2009 में मेडागास्कर में राजनीतिक संकट उत्पन्न हुआ। उस समय देश की राजनीतिक स्थिति अस्थिर थी और सेना के समर्थन से रजोएलिना ने सत्ता पर कब्ज़ा किया। 
  • इसके बाद उन्होंने हाई ट्रांजिशनल अथॉरिटी (High Transitional Authority) का नेतृत्व किया और 2014 तक इसका शासन किया। इस अवधि में उन्होंने देश की प्रशासनिक मशीनरी को स्थिर करने और संक्रमण कालीन सुधार लागू करने का प्रयास किया। 
  • 2018 में रजोएलिना ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से फिर से सत्ता में वापसी की। प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव, साथ ही जनता के बीच उनकी व्यापक लोकप्रियता के कारण उन्हें राष्ट्रपति चुना गया। 
  • उनके नेतृत्व में मेडागास्कर ने अवसंरचना के आधुनिकीकरण, विदेशी निवेश आकर्षित करने, और विशेषकर ऊर्जा एवं तकनीकी क्षेत्रों में विकास की दिशा में कई पहल की।

 

मेडागास्कर में सैन्य विद्रोह होने के पीछे के कारण

 

  • राजनीतिक कारण: मेडागास्कर में हालिया हुए सैन्य विद्रोह के पीछे दीर्घकालिक राजनीतिक कारण हैं। देश में 2013 में चुनावी राजनीति में वापसी के बाद से लगातार राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है। 2023 के चुनाव में कम मतदान और प्रमुख विपक्षी दलों के बहिष्कार ने चुनाव प्रक्रिया की वैधता पर गंभीर सवाल उठाए। सरकारी भ्रष्टाचार और जवाबदेही की कमी ने नागरिकों में निराशा पैदा की है। दक्षिणी क्षेत्रों में कानून की अनुपस्थिति, गरीबी और नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने में सरकार हमेशा असफल रही है।
  • आर्थिक कारण: मेडागास्कर में अधिकांश नागरिक प्रतिदिन केवल $2.15 से कम कमाते हैं, जो जीवनयापन के लिए पर्याप्त नहीं है। इस देश ने हाल के वर्षों में अर्थव्यवस्था में मंदी का सामना किया, जिसमें COVID-19 महामारी का प्रभाव, यूक्रेन में युद्ध के परिणाम और जलवायु संबंधी आपदाओं ने स्थिति को और जटिल बना दिया। इन सभी घटनाओं ने देश की आर्थिक असुरक्षा और विदेशी सहायता पर निर्भरता को बढ़ा दिया।  इसके अतिरिक्त, उच्च मुद्रास्फीति और खाद्य संकट, जो बाहरी आपूर्ति संकटों के कारण उत्पन्न हुए, उसने भी आम नागरिकों की आर्थिक स्थिति कठिन बना दी।
  • युवाओं की निराशा: अक्टूबर 2025 में हुए विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विशेष रूप से जनरेशन Z द्वारा किया गया था। इस विरोध प्रदर्शन में शामिल सभी युवा सरकार द्वारा उनकी आवश्यकताओं और आकांक्षाओं की अनदेखी से नाराज थे। इस प्रकार का युवा आंदोलन वैश्विक प्रवृत्तियों जैसे कि मोरक्को, पेरू और नेपाल में युवाओं के विरोध प्रदर्शन का एक प्रतिबिंब था।

 

मेडागास्कर में अब तक के ऐतिहासिक और राजनीतिक संकट

 

  • मेडागास्कर ने 1960 में स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से ही राजनीतिक अस्थिरता का सामना किया है। स्वतंत्रता के तुरंत बाद, देश की सत्ता संघर्ष और नेतृत्व परिवर्तन की जटिलताओं से जूझती रही। 1972 में राष्ट्रपति फिलिबर्ट त्सिराना के शासनकाल के दौरान एक व्यापक जन आंदोलन हुआ, जिसके बाद देश में सैन्य हस्तक्षेप की शुरुआत हुई।
  • इसके बाद 1975 में डिडिएर रत्सिराका, जो कि नौसेना अधिकारी थे, ने एक तख़्तापलट के माध्यम से सत्ता पर कब्ज़ा किया। उन्होंने समाजवादी शासन की स्थापना की, जो लगभग 16 वर्षों तक जारी रहा। इस अवधि में केंद्रीकृत नियंत्रण और सरकारी नीतियों में कठोरता अपनाई गई।
  • वर्ष 1991 में देश में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए, जो रत्सिराका के तानाशाही शासन के खिलाफ थे। यह आंदोलन वैश्विक लोकतांत्रिक प्रवृत्तियों से प्रेरित था। बढ़ते दबाव के तहत, 1992 में रत्सिराका ने नई संविधान की स्वीकृति दी और लोकतांत्रिक शासन में परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हुई। परिणामस्वरूप, 1993 में अल्बर्ट जाफी को राष्ट्रपति चुना गया।
  • वर्ष 2001 के राष्ट्रपति चुनाव में डिडिएर रत्सिराका और मार्क रावलोमाना के बीच मतगणना विवाद ने नई राजनीतिक संकट की स्थिति पैदा की। दोनों उम्मीदवारों ने अपनी जीत का दावा किया, जिससे देश में सत्ता संघर्ष और गतिरोध उत्पन्न हुआ। अंततः, अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता की उपस्थिति में देश की सत्ता साझा करने का समझौता हुआ, जिसके तहत 2002 में रावलोमाना ने राष्ट्रपति पद ग्रहण किया।
  • वर्ष 2009 की शुरुआत में, राष्ट्रपति मार्क रावलोमाना और विपक्षी नेता एंड्री रजोएलिना के बीच तनाव बढ़ गया, जिसका मुख्य कारण रजोएलिना के स्वामित्व वाले निजी टीवी चैनल को सरकार द्वारा बंद किया जाना था। इस तनाव के चलते, 17 मार्च 2009 को सेना ने हस्तक्षेप किया और रावलोमाना को राजनीतिक दबाव के चलते इस्तीफा देना पड़ा और देश छोड़ना पड़ा। इसके बाद रजोएलिना ने स्वयं को राष्ट्रपति घोषित किया। जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने अवैध और असंवैधानिक करार दिया, जिसके परिणामस्वरूप मेडागास्कर पर अंतरराष्ट्रीय निंदा और प्रतिबंध लगाए गए।

 

CAPSAT सैन्य इकाई क्या हैं?

 

  • CAPSAT (Commandement des Actions de Sécurité Périodiques et Antiterroristes) मेडागास्कर की सशस्त्र सेना में एक विशेष और प्रगतिशील सैन्य इकाई है, जो मुख्य रूप से आंतरिक सुरक्षा और उच्च जोखिम वाले खतरों से निपटने के लिए गठित की गई है। 
  • इसे औपचारिक रूप से विशेष विरोधी आतंकवाद कमांड यूनिट के नाम से जाना जाता है। यह इकाई देश में आतंकवाद, गंभीर अपराध और अत्यंत संवेदनशील परिस्थितियों का मुकाबला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
  • CAPSAT की संरचना सख्त अनुशासन और पदानुक्रम पर आधारित है। इसके संचालन में उच्च स्तर की योजना, प्रशिक्षण और रणनीति को प्राथमिकता दी जाती है। 

मेडागास्कर का विस्तृत परिचय

  • मेडागास्कर दुनिया का चौथा सबसे बड़ा द्वीप है, जो अफ्रीका के दक्षिण-पूर्वी तट से लगभग 400 किलोमीटर दूर हिंद महासागर में स्थित है। 
  • इसका क्षेत्रफल लगभग 592,800 वर्ग किलोमीटर है और यह मुख्यभूमि अफ्रीका से लगभग 160 मिलियन वर्षों पूर्व अलग हुआ था। 
  • वर्ष 2025 तक, मेडागास्कर की अनुमानित जनसंख्या लगभग 32.7 मिलियन है। इसकी राजधानी अंटानानारिवो देश का सबसे बड़ा शहरी केंद्र है। यह राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र है। 
  • यहाँ का जनसंख्या घनत्व लगभग 56 लोग प्रति वर्ग किलोमीटर है, जिसमें अधिकांश लोग ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करते हैं। ग्रामीण जनसंख्या का उच्च प्रतिशत देश की सामाजिक और आर्थिक संरचना कृषि और ग्रामीण विकास पर केंद्रित है।
  • मेडागास्कर की अर्थव्यवस्था को निम्न-आय और अल्प-विकसित अर्थव्यवस्था के रूप में वर्गीकृत किया गया है। वर्ष 2025 में इसका सकल घरेलू उत्पाद (Nominal GDP) लगभग $18.71 बिलियन और खरीद शक्ति समानता (PPP) के अनुसार $64.24 बिलियन आंका गया है। 
  • इस देश की आर्थिक संरचना मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है, जो कुल GDP का लगभग 24% योगदान देती है और लगभग 80% जनसंख्या इस पर निर्भर है।
  • कृषि उत्पादों में मेडागास्कर विशेष रूप से वेनिला, कॉफी, शेलफ़िश और वस्त्र का निर्यात करता है। ये उत्पाद विदेशी मुद्रा अर्जन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण आधार हैं। 

latest posts