1 अप्रैल से नया टैक्स कानून लागू: 60 साल पुराना कानून बदला, टैक्स सिस्टम होगा आसान या बढ़ेगा बोझ?

भारत में टैक्स सिस्टम को आसान और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार 1 अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स कानून लागू करने जा रही है, जिसके तहत अब इनकम टैक्स एक्ट 1961 की जगह इनकम टैक्स एक्ट 2025 लेगा। यह बदलाव करोड़ों टैक्सपेयर्स को प्रभावित करेगा, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है – क्या इससे आपकी जेब पर असर पड़ेगा या सिर्फ नियम बदलेंगे?

सरकार का कहना है कि इस नए कानून का मकसद टैक्स बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रक्रिया को आसान और साफ बनाना है। पिछले 60 साल में पुराने कानून में इतने संशोधन हो गए थे कि उसे समझना आम आदमी के लिए मुश्किल हो गया था। अब नया कानून उसी व्यवस्था को सरल तरीके से पेश करने की कोशिश है।

 

क्यों लाया गया नया इनकम टैक्स कानून?

सरकार के अनुसार, पुराने कानून में समय के साथ बहुत सारे बदलाव जुड़ते गए, जिससे नियम जटिल हो गए। अलग-अलग सेक्शन, नियम और फॉर्म के कारण टैक्स भरना आसान नहीं था।

नया कानून इन समस्याओं को दूर करने के लिए लाया गया है। इसका फोकस है –

  • आसान भाषा
  • कम कागजी झंझट
  • स्पष्ट नियम
  • डिजिटल सिस्टम के साथ बेहतर तालमेल

इससे उम्मीद है कि आम टैक्सपेयर्स को कम दिक्कत होगी और उन्हें हर छोटी बात के लिए एक्सपर्ट की जरूरत नहीं पड़ेगी।

New tax law

क्या टैक्स बढ़ेगा?

इस सवाल का जवाब सीधा है – नहीं।

नया इनकम टैक्स एक्ट कोई नया टैक्स नहीं जोड़ता। इसका मकसद सिर्फ नियमों को व्यवस्थित करना है। यानी आपकी कुल टैक्स देनदारी पहले जैसी ही रहेगी।

हालांकि, कुछ मामलों में टैक्स कैलकुलेशन का तरीका बदल सकता है, जिससे कुछ लोगों की टेक-होम सैलरी पर थोड़ा असर दिख सकता है।

 

नया कानून कितना आसान होगा?

नए कानून को पहले से छोटा और साफ बनाया गया है।

  • अब इसमें 536 सेक्शन हैं (पहले 819 थे)
  • नियम घटाकर 333 किए गए हैं
  • फॉर्म की संख्या 399 से घटाकर 190 कर दी गई है

कई जगह लंबे पैराग्राफ की जगह टेबल और फॉर्मूला का इस्तेमाल किया गया है, जिससे समझना आसान होगा।

 

छोटे टैक्सपेयर्स को क्या फायदा?

छोटे टैक्सपेयर्स के लिए यह बदलाव राहत भरा हो सकता है। अब उन्हें बार-बार अलग-अलग सेक्शन देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

नए सिस्टम में –

  • भाषा आसान होगी
  • नियम एक जगह मिलेंगे
  • कम क्रॉस-रेफरेंस होगा
  • ऑनलाइन प्रक्रिया बेहतर होगी

इससे टैक्स फाइल करना पहले से ज्यादा सरल हो सकता है।

 

रिटर्न फाइलिंग और सेक्शन में बदलाव

अब अलग-अलग तरह के रिटर्न (जैसे लेट, रिवाइज्ड, अपडेटेड) को एक ही सेक्शन में रखा गया है। इससे कन्फ्यूजन कम होगा।

इसी तरह, पहले जो प्रेजम्प्टिव टैक्सेशन (छोटे बिजनेस के लिए) अलग-अलग सेक्शन में था, अब उसे एक सेक्शन में जोड़ दिया गया है।

 

TDS और TCS सिस्टम में बदलाव

पहले TDS के नियम अलग-अलग सेक्शन में फैले हुए थे, जिससे लोगों को समझने में दिक्कत होती थी।

अब इन्हें एक ही सेक्शन में टेबल के रूप में दिया गया है, जिसमें साफ बताया गया है –

  • किस इनकम पर TDS लगेगा
  • कितना लगेगा
  • कब लगेगा

इससे कंपनियों और टैक्स काटने वालों के लिए काम आसान हो जाएगा।

 

फॉर्म में बड़ा बदलाव

नए सिस्टम में कई फॉर्म को मिलाकर एक कर दिया गया है।

  • 15G और 15H को मिलाकर एक फॉर्म बनाया गया है
  • टैक्स ऑडिट के 3 फॉर्म को मिलाकर एक नया फॉर्म बनाया गया है

इससे कागजी काम कम होगा और प्रोसेस तेज होगी।

 

क्या अकाउंटिंग ईयर बदलना पड़ेगा?

नहीं।
नया “टैक्स ईयर” भी फाइनेंशियल ईयर के हिसाब से ही रहेगा, इसलिए बिजनेस या नौकरी करने वालों को अपने अकाउंटिंग सिस्टम में कोई बदलाव नहीं करना होगा।

 

सैलरी और पर्र्क्स (Perks) पर क्या असर?

अब सैलरी के साथ मिलने वाली सुविधाओं (पर्र्क्स) की वैल्यू तय करने के लिए साफ फॉर्मूला बनाया गया है।

  1. रिटायरमेंट फंड पर टैक्स

अगर कंपनी PF, NPS और सुपरएन्युएशन में मिलाकर ₹7.5 लाख से ज्यादा जमा करती है, तो अतिरिक्त रकम पर टैक्स लगेगा।

 

  1. कंपनी का घर (Accommodation): शहर की आबादी के हिसाब से टैक्स तय होगा –
  • बड़े शहर: सैलरी का 10%
  • मिड साइज शहर: 5%
  • छोटे शहर: 5%

 

  1. ऑफिस की कार: अगर आप कंपनी की कार पर्सनल काम में भी इस्तेमाल करते हैं –
  • छोटे इंजन: ₹5,000/महीना
  • बड़े इंजन: ₹7,000/महीना
  • ड्राइवर: ₹3,000 अतिरिक्त

 

  1. गिफ्ट्स पर नियम: सालभर में ₹15,000 तक के गिफ्ट टैक्स-फ्री रहेंगे। इससे ज्यादा पर टैक्स लगेगा।
  2. खाना और मील: ऑफिस में ₹200 तक का खाना टैक्स-फ्री रहेगा।
  3. सस्ते लोन पर टैक्स: अगर कंपनी सस्ता या बिना ब्याज लोन देती है, तो उस फायदे पर टैक्स लगेगा (कुछ मामलों को छोड़कर)।

 

बिजनेस और विदेशी कंपनियों पर असर

डिजिटल बिजनेस करने वाली विदेशी कंपनियों के लिए नई लिमिट तय की गई है।
अगर भारत में उनका रेवेन्यू ₹2 करोड़ से ज्यादा है या 3 लाख से ज्यादा यूजर्स हैं, तो उन्हें भारत में टैक्स देना होगा।

 

इकोनॉमी और सिस्टम पर असर

सरकार का मानना है कि यह नया कानून –

  • टैक्स विवाद कम करेगा
  • पारदर्शिता बढ़ाएगा
  • बिजनेस करना आसान बनाएगा

साथ ही, यह भारत के टैक्स सिस्टम को वैश्विक मानकों के करीब लाने की कोशिश भी है।

 

ट्रांजिशन कैसे होगा?

पुराने मामलों के लिए पुराना कानून ही लागू रहेगा। जैसे –

  • FY 2025-26 की इनकम पर पुराना नियम ही चलेगा
  • PAN और TAN वैध रहेंगे

इससे बदलाव धीरे-धीरे होगा और लोगों को अचानक परेशानी नहीं होगी।

 

टैक्सपेयर्स को क्या करना चाहिए?

नए नियम लागू होने से पहले –

  • अपनी सैलरी स्ट्रक्चर समझें
  • कंपनी से मिलने वाले फायदे (car, house आदि) का रिव्यू करें
  • टैक्स प्लानिंग पहले से करें

इससे आप अपनी टैक्स देनदारी को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।

 

निष्कर्ष:

कुल मिलाकर, नया इनकम टैक्स कानून टैक्स बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि सिस्टम को आसान बनाने के लिए लाया गया है। हालांकि, कुछ नए नियमों की वजह से आपकी सैलरी और टैक्स कैलकुलेशन का तरीका जरूर बदल सकता है।