COP31 Summit Fossil Fuel Agreement : COP31 जलवायु सम्मेलन में क्यों नहीं बनी सहमति, आखिर किन मुद्दों पर अटकी बातचीत?
तुर्किये में COP31 जीवाश्म ईंधन से दूर जाने और जलवायु वित्त पर सहमति के बिना खत्म हुआ। 1.5°C लक्ष्य पर भी ठोस फैसला नहीं हुआ। भारत ने 2028 में होने वाले COP33 की मेजबानी का प्रस्ताव वापस ले लिया। अगला सम्मेलन 2027 में इथियोपिया में होगा।
COP31 Summit Fossil Fuel Agreement : तुर्किये के अंताल्या शहर में 9 से 22 नवंबर 2026 तक चली संयुक्त राष्ट्र जलवायु वार्ता यानी COP31 बिना किसी साझा राजनीतिक समझौते के खत्म हो गई। करीब 200 देशों के प्रतिनिधि कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को कम करने की भाषा पर सहमत नहीं हो सके। यूरोपीय संघ (EU), पनामा, नॉर्वे और कई छोटे द्वीपीय देशों ने अंतिम प्रस्ताव का विरोध किया, क्योंकि उसमें जीवाश्म ईंधन का स्पष्ट जिक्र नहीं था। जलवायु वित्त को लेकर भी विकासशील देशों की मांगें पूरी नहीं हुईं। हालांकि, सम्मेलन में जस्ट ट्रांजिशन, अनुकूलन और जलवायु वित्त से जुड़े कुछ अलग फैसले हुए।
दो दिन तक चली बातचीत, फिर भी नहीं बना ‘अंताल्या पैक्ट’
COP31 की बैठक 9 नवंबर को शुरू हुई थी और इसे 20 नवंबर को समाप्त होना था। लेकिन आखिरी राजनीतिक दस्तावेज पर सहमति नहीं बनने के कारण बातचीत दो दिन और चली। इस दौरान कई देशों के मंत्री और प्रतिनिधि वापस लौटने लगे थे। कुछ वार्ताओं को ऑनलाइन जारी रखने का विकल्प भी चर्चा में आया।22 नवंबर को अंताल्या के EXPO 2016 परिसर में आयोजित समापन सत्र में तुर्किये के पर्यावरण मंत्री और COP31 अध्यक्ष मुरात कुरुम ने स्वीकार किया कि प्रस्तावित ‘अंताल्या पैक्ट’ पर सहमति नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा कि 196 देशों के बीच फैसला सहमति से ही हो सकता है और अध्यक्षता किसी देश पर अपना प्रस्ताव थोप नहीं सकती।
यूरोपीय संघ की ओर से आयरलैंड के जलवायु एवं ऊर्जा मंत्री डैराघ ओ'ब्रायन ने कहा कि EU ऐसे दस्तावेज का समर्थन नहीं कर सकता, जिसमें जीवाश्म ईंधन का स्पष्ट उल्लेख ही न हो। पनामा, वानुआतु, मार्शल आइलैंड्स, नॉर्वे और बेलीज ने भी प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। वानुआतु ने कहा कि 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा उसके जैसे छोटे द्वीपीय देशों के अस्तित्व से जुड़ी है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान, सीरिया और वेनेजुएला जैसे देशों ने कमजोरियों के बावजूद दस्तावेज को स्वीकार करने की बात कही। मिस्र ने भी कहा कि जलवायु वार्ता को आपसी आरोपों के कारण पूरी तरह ठप नहीं होने देना चाहिए। इससे साफ हुआ कि मतभेद केवल विकसित और विकासशील देशों के बीच नहीं थे। कुछ विकासशील देश किसी समझौते को न होने से बेहतर मान रहे थे, जबकि जलवायु संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित देश कमजोर दस्तावेज को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे।


फॉसिल फ्यूल पर क्यों अटका समझौता?
सम्मेलन का सबसे बड़ा विवाद कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस के भविष्य को लेकर था। ये तीनों ऊर्जा स्रोत जीवाश्म ईंधन कहलाते हैं और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के प्रमुख कारण हैं। इनसे निकलने वाली गैसें धरती का तापमान बढ़ाती हैं और जलवायु परिवर्तन को तेज करती हैं।दुबई में 2023 में हुए COP28 में पहली बार किसी वैश्विक जलवायु समझौते में ऊर्जा प्रणालियों में जीवाश्म ईंधन से दूर जाने की बात शामिल की गई थी। इसके बाद से कई देश चाहते थे कि COP31 में इस प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट योजना और समयसीमा तय हो।
16 नवंबर को जारी शुरुआती मसौदे में जीवाश्म ईंधन से न्यायसंगत, व्यवस्थित और समान तरीके से दूर जाने की बात शामिल थी। इसमें विकासशील देशों के लिए 2035 तक हर साल 120 अरब डॉलर का अनुकूलन वित्त उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी था। लेकिन 19 नवंबर को जारी संशोधित मसौदे से जीवाश्म ईंधन का स्पष्ट उल्लेख और 120 अरब डॉलर का आंकड़ा हटा दिया गया।
इस बदलाव पर पर्यावरण संगठनों और जलवायु संकट से प्रभावित देशों ने नाराजगी जताई। पावर शिफ्ट अफ्रीका के निदेशक मोहम्मद आदोव ने कहा कि नया मसौदा पहले के प्रस्ताव से पीछे हटने जैसा है। वहीं, ग्रीनपीस ऑस्ट्रेलिया पैसिफिक के साइमन ब्रैडशॉ ने कहा कि केवल बिजली के इस्तेमाल को बढ़ाने का लक्ष्य पर्याप्त नहीं है, जब तक उसे जीवाश्म ईंधन से दूर जाने और नवीकरणीय ऊर्जा बढ़ाने से नहीं जोड़ा जाता।
रूस ने जीवाश्म ईंधन पर सख्त भाषा का विरोध किया। उसका तर्क था कि ऊर्जा आपूर्ति सीमित करने से कीमतों में उछाल और ऊर्जा की कमी हो सकती है। सऊदी अरब ने भी कार्बन कैप्चर जैसी तकनीकों समेत सभी उपलब्ध विकल्प खुले रखने की बात कही। इन देशों के लिए तेल और गैस उद्योग अर्थव्यवस्था तथा सरकारी आय का बड़ा हिस्सा हैं।
1.5°C का लक्ष्य खतरे में, लेकिन 35% बिजली इस्तेमाल का प्रस्ताव चर्चा में
पेरिस समझौते के तहत दुनिया ने औसत वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी को औद्योगिक दौर से पहले के स्तर के मुकाबले 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया था। वैज्ञानिक आकलनों के मुताबिक, दुनिया इस सीमा को पार करने की दिशा में बढ़ रही है। COP31 में इस बात पर भी चर्चा हुई कि अगर तापमान कुछ समय के लिए 1.5 डिग्री से ऊपर जाता है, तो उस अवधि को कम से कम रखने और तापमान को नीचे लाने के लिए क्या कदम उठाए जाएं।तुर्किये ने ‘35 बाय 35’ नाम से एक पहल को आगे बढ़ाया। इसका लक्ष्य 2035 तक दुनिया की कुल अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी करीब 23% से बढ़ाकर 35% करना है। इसके लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, बिजली से चलने वाली हीटिंग प्रणालियों और उद्योगों में बिजली के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही गई।
हालांकि, पर्यावरण संगठनों ने सवाल उठाया कि अगर अतिरिक्त बिजली कोयले और गैस से बनाई जाएगी, तो केवल बिजली की खपत बढ़ाने से उत्सर्जन में बड़ी कमी नहीं आएगी। इस पहल को नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने से जोड़ने की मांग की गई। यह पहल 90 से अधिक देशों के समर्थन वाली स्वैच्छिक कोशिश थी, इसे सभी देशों के बीच हुए बाध्यकारी समझौते के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
जलवायु वित्त पर भी विकसित और विकासशील देशों में मतभेद
COP31 में दूसरा बड़ा विवाद जलवायु वित्त को लेकर रहा। विकासशील देशों का कहना है कि ऐतिहासिक रूप से ज्यादा उत्सर्जन करने वाले अमीर देशों को उन देशों की मदद के लिए अधिक पैसा देना चाहिए, जो जलवायु परिवर्तन से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, लेकिन जिनका इसमें योगदान कम रहा है।जलवायु अनुकूलन के लिए मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल बाढ़ से बचाव, सूखा सहने वाली खेती, पानी के संरक्षण और मौसम की मार झेल सकने वाले बुनियादी ढांचे के निर्माण में किया जाता है। शुरुआती मसौदे में 2035 तक हर साल 120 अरब डॉलर देने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद के मसौदे से यह तय रकम हटा दी गई। संशोधित प्रस्ताव में 2035 तक अनुकूलन वित्त को कम से कम तीन गुना करने की बात तो रही, लेकिन इसके लिए आधार राशि और स्पष्ट रास्ता तय नहीं हुआ।
अफ्रीकी देशों ने इस पर नाराजगी जताई। अफ्रीकी समूह की ओर से घाना की पर्यावरण मंत्री ज़ानेटोर अग्येमान-रॉलिंग्स ने कहा कि अफ्रीका ऐसे नतीजे को स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें घोषणाएं तो हों, लेकिन उन्हें लागू करने के लिए संसाधन न दिए जाएं।
सम्मेलन के दौरान अनुकूलन कोष (Adaptation Fund) के लिए करीब 50.2 मिलियन डॉलर की नई घोषणाएं हुईं। इसमें स्पेन ने 27.8 मिलियन डॉलर, जर्मनी ने 11.1 मिलियन डॉलर और आयरलैंड ने 6.7 मिलियन डॉलर देने का ऐलान किया। हालांकि, यह राशि विकासशील देशों की जरूरतों के मुकाबले काफी कम है। अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, इटली और ऑस्ट्रेलिया ने इस कोष के लिए कोई नई राशि घोषित नहीं की।
भारत ने विकासशील देशों के अधिकारों और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर जोर दिया
COP31 में भारत ने जलवायु कार्रवाई के साथ समानता और विकासशील देशों के विकास के अधिकार को अहम बताया। भारत ने ‘कॉमन बट डिफरेंशिएटेड रिस्पॉन्सिबिलिटीज एंड रिस्पेक्टिव कैपेबिलिटीज’ यानी CBDR-RC के सिद्धांत का समर्थन किया। इसका मतलब है कि सभी देशों को जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयास करने चाहिए, लेकिन उनकी जिम्मेदारी ऐतिहासिक उत्सर्जन, आर्थिक क्षमता और विकास की जरूरतों के हिसाब से अलग-अलग होनी चाहिए।भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि औद्योगिक विकास के दौरान विकसित देशों ने बड़ी मात्रा में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन किया है। इसलिए विकासशील देशों पर उसी अनुपात में जिम्मेदारी डालना उचित नहीं होगा। भारत ने विकसित देशों से पेरिस समझौते के अनुच्छेद 9.1 के तहत जलवायु वित्त की जिम्मेदारी पूरी करने की मांग की।
भारत और समान विचारधारा वाले विकासशील देशों ने 35 बाय 35 जैसे एक समान वैश्विक लक्ष्य को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि हर देश की ऊर्जा जरूरतें और आर्थिक स्थिति अलग हैं। बिजली का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए उत्पादन, ट्रांसमिशन नेटवर्क, स्टोरेज और नई तकनीक पर बड़ा निवेश चाहिए। इसके लिए सस्ती और भरोसेमंद वित्तीय मदद जरूरी है।
भारत के लिए यह मुद्दा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश को एक ओर बढ़ती ऊर्जा मांग पूरी करनी है और दूसरी ओर गर्मी, अनियमित मानसून, बाढ़, पानी की कमी तथा कृषि पर जलवायु परिवर्तन के असर से निपटना है।
भारत ने COP33 की मेजबानी का प्रस्ताव वापस लिया
भारत ने 2028 में होने वाले COP33 की मेजबानी करने का अपना प्रस्ताव भी वापस ले लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2023 में दुबई में हुए COP28 के दौरान भारत में सम्मेलन आयोजित करने की पेशकश की थी। लेकिन अप्रैल 2026 में भारत ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) को जानकारी दी कि वह अब इसकी मेजबानी नहीं करेगा।मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भारत के पत्र में 2028 के लिए अपनी प्रतिबद्धताओं की समीक्षा का हवाला दिया गया था, लेकिन वापसी का विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया गया। COP33 में पेरिस समझौते के तहत दूसरी ग्लोबल स्टॉकटेक प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। इसमें यह आकलन किया जाएगा कि दुनिया जलवायु लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में कितनी आगे बढ़ी है।
अंताल्या में जलवायु तकनीक और उद्योग की मौजूदगी पर भी सवाल
सम्मेलन के दौरान अंताल्या के प्रदर्शनी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, कचरा प्रबंधन, पानी बचाने और पुरानी बैटरियों व सोलर पैनलों से उपयोगी सामग्री निकालने वाली तकनीकें प्रदर्शित की गईं। इंटरनेशनल सोलर अलायंस के महानिदेशक आशीष खन्ना ने कहा कि सोलर पैनल और बैटरी की रीसाइक्लिंग से अगले पांच वर्षों में करीब 15 अरब डॉलर के निवेश के अवसर बन सकते हैं।लेकिन कार्बन कैप्चर एंड स्टोरेज (CCS) तकनीक को लेकर विवाद भी रहा। इस तकनीक में औद्योगिक उत्सर्जन से कार्बन डाइऑक्साइड अलग करके उसे जमीन के भीतर जमा किया जाता है। पर्यावरण संगठनों का कहना है कि इसका इस्तेमाल जीवाश्म ईंधन का उत्पादन जारी रखने के बहाने के तौर पर नहीं होना चाहिए।
सेंटर फॉर इंटरनेशनल एनवायरनमेंटल लॉ (CIEL) के विश्लेषण के मुताबिक, COP31 के लिए करीब 700 कार्बन कैप्चर लॉबिस्ट पंजीकृत थे, जबकि COP30 में यह संख्या 531 थी। यह आंकड़ा सम्मेलन की शुरुआती पंजीकरण सूची पर आधारित था, इसलिए इसे सभी लोगों की वास्तविक उपस्थिति की पुष्टि नहीं माना जा सकता। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने इतनी बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधियों की मौजूदगी पर सवाल उठाए।
सम्मेलन के बाहर पीपुल्स क्लाइमेट समिट में पर्यावरण संगठनों और प्रभावित समुदायों ने अपनी मांगें रखीं। गाजा युद्ध के पर्यावरणीय असर, पानी और स्वच्छता व्यवस्था के नुकसान तथा कृषि भूमि के तबाह होने जैसे मुद्दे भी इन चर्चाओं में उठे। सम्मेलन में अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल नहीं हुआ। इसकी वजह ट्रंप प्रशासन का पेरिस समझौते से बाहर निकलने का फैसला था।
एंटाल्या से अब COP32 की तैयारी, UN प्रमुख ने जताई निराशा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने COP31 में मुख्य राजनीतिक समझौते पर सहमति नहीं बनने को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि बातचीत में सहमति नहीं बन पाई, लेकिन जलवायु विज्ञान को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं है। उन्होंने देशों से जीवाश्म ईंधन से न्यायसंगत तरीके से दूर जाने, उत्सर्जन में तेजी से कटौती करने और जलवायु वित्त बढ़ाने की अपील की।COP31 में करीब 92 हजार लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें लगभग 4 हजार पत्रकार भी शामिल थे। सम्मेलन के दौरान तुर्किये ने नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक परिवहन और पर्यावरण तकनीक में निवेश को बढ़ावा देने की कोशिश की। आयोजकों के मुताबिक, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में 26 अरब डॉलर से अधिक के निवेश और व्यावसायिक समझौतों की घोषणाएं भी हुईं। हालांकि, ऐसे निवेश मुख्य राजनीतिक समझौते का विकल्प नहीं बन सके।
अब अगला जलवायु सम्मेलन COP32 नवंबर 2027 में इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में आयोजित होगा। वहां देशों के सामने अंताल्या में अधूरे रह गए मुद्दों को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।
जलवायु अनुकूलन और मजदूरों के हितों पर कुछ फैसले हुए
- अंतिम समझौते पर सहमति नहीं बनने के बावजूद कुछ अलग-अलग मुद्दों पर फैसले लिए गए।
- ग्लोबल गोल ऑन अडैप्टेशन (GGA): इसका उद्देश्य देशों को बाढ़, सूखा, गर्मी और समुद्र के बढ़ते जलस्तर जैसे जलवायु संकटों से निपटने के लिए तैयार करना है। इस दिशा में अलग से फैसला लिया गया।
- अडैप्टेशन फंड: इस फंड के जरिए विकासशील देशों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए आर्थिक मदद दी जाती है। सम्मेलन में इस फंड से जुड़े फैसलों को भी आगे बढ़ाया गया।
- जस्ट ट्रांजिशन वर्क प्रोग्राम: इसका उद्देश्य कोयला, तेल और गैस जैसे उद्योगों से स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते समय मजदूरों और उन पर निर्भर समुदायों के हितों का ध्यान रखना है। यानी ऊर्जा बदलाव के दौरान लोगों की नौकरियों और आजीविका पर बुरा असर न पड़े।
वन्यजीव संरक्षण और AI के लिए भी पहल शुरू हुई
सम्मेलन में 25 देशों ने 'वाइल्डलाइफ फॉर क्लाइमेट डिक्लेरेशन' का समर्थन किया। इसमें ब्राजील, केन्या, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, फिजी और जिम्बाब्वे जैसे देश शामिल थे।इस घोषणा का उद्देश्य वन्यजीवों का संरक्षण करना और उनकी आबादी बढ़ाने के प्रयासों को देशों की राष्ट्रीय जलवायु योजनाओं में शामिल करना है। यह एक स्वैच्छिक घोषणा थी, यानी इसे मानना देशों के लिए कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं था।
इसके अलावा, तुर्किये ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए एक स्वैच्छिक पहल शुरू की। इसका खास उद्देश्य AI डेटा सेंटरों में बिजली की बढ़ती खपत को कम करना और जलवायु परिवर्तन से निपटने में AI तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना था।
सम्मेलन के दौरान अक्षय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा से जुड़े अध्ययन और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों में 26 अरब डॉलर से ज्यादा के निवेश समझौतों की भी घोषणा की गई।
FAQ (Frequently Asked Questions):
COP31 Climate Summit बिना Fossil Fuel Agreement के क्यों खत्म हुआ?
COP31 में देशों के बीच कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को कम करने और उनसे दूर जाने की स्पष्ट योजना पर सहमति नहीं बन सकी। यूरोपीय संघ और कई जलवायु-संवेदनशील देशों ने ऐसे अंतिम मसौदे का विरोध किया, जिसमें जीवाश्म ईंधन का उल्लेख नहीं था। जलवायु वित्त को लेकर भी मतभेद बने रहे।
COP31 का आयोजन Antalya में कब हुआ?
COP31 का आयोजन तुर्किये के अंताल्या शहर में 9 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक हुआ। सम्मेलन को 20 नवंबर को समाप्त होना था, लेकिन बातचीत में सहमति नहीं बनने के कारण यह दो दिन आगे बढ़ गया।
Fossil Fuel Phase Out को लेकर देशों के बीच क्या मतभेद थे?
यूरोपीय संघ, पनामा, नॉर्वे और कई छोटे द्वीपीय देश कोयला, तेल और गैस से दूर जाने की स्पष्ट प्रतिबद्धता चाहते थे। वहीं रूस, सऊदी अरब और कुछ तेल-गैस उत्पादक देशों ने ऐसी भाषा का विरोध किया। उनका तर्क था कि जीवाश्म ईंधन पर सख्त प्रतिबंध से ऊर्जा की कीमतें और आपूर्ति प्रभावित हो सकती हैं।
क्या COP31 में 1.5°C Climate Target पर सहमति बनी?
पेरिस समझौते के 1.5°C लक्ष्य को लेकर देशों ने चर्चा की, लेकिन इसे हासिल करने के लिए जरूरी कदमों पर मुख्य राजनीतिक दस्तावेज में सहमति नहीं बन पाई। वैज्ञानिक आकलनों के अनुसार, दुनिया इस तापमान सीमा को पार करने की दिशा में बढ़ रही है। COP31 में इस सीमा से ऊपर जाने की स्थिति को कम समय तक रखने पर भी चर्चा हुई।
António Guterres ने COP31 के नतीजों पर क्या कहा?
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मुख्य राजनीतिक समझौते पर सहमति नहीं बनने को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि बातचीत में सहमति नहीं बनी, लेकिन जलवायु विज्ञान को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं है। उन्होंने जीवाश्म ईंधन से न्यायसंगत तरीके से दूर जाने और जलवायु वित्त बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
क्या COP31 में Coal, Oil और Gas का इस्तेमाल बंद करने पर कोई फैसला हुआ?
नहीं। COP31 के मुख्य राजनीतिक दस्तावेज में कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को बंद करने या उनसे दूर जाने की स्पष्ट प्रतिबद्धता पर सहमति नहीं बन सकी। हालांकि, COP28 में 2023 के दौरान ऊर्जा प्रणालियों में जीवाश्म ईंधन से दूर जाने की प्रतिबद्धता पहले ही स्वीकार की जा चुकी थी।
COP32 Climate Summit कहां आयोजित होगा?
COP32 का आयोजन नवंबर 2027 में इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में होगा। इसमें देशों को COP31 के दौरान अधूरे रह गए मुद्दों, जलवायु वित्त और उत्सर्जन कम करने के प्रयासों पर आगे बातचीत करनी होगी।