CAG Report on BIS Hallmarking : 5 साल में 80% ज्वैलर्स की जांच नहीं हुई, क्या हॉलमार्क वाले सोने की शुद्धता पर भरोसा करें?
CAG की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, BIS वित्त वर्ष 2024-25 में 28,865 लाइसेंसधारक ज्वैलर्स में से सिर्फ 5,444 की जांच कर पाया। करीब 81% दुकानों का निरीक्षण नहीं हुआ। कर्मचारियों की कमी का हवाला देने पर भी कैग ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए।
CAG Report on BIS Hallmarking : देश की सबसे बड़ी सरकारी ऑडिट संस्था नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने सोने की हॉलमार्किंग व्यवस्था की निगरानी करने वाली भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, BIS पिछले पांच साल में 80% से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वैलर्स की दुकानों का सालाना निरीक्षण नहीं कर पाया। वित्त वर्ष 2024-25 में तो 28,865 लाइसेंसधारक ज्वैलर्स में से सिर्फ 5,444 की जांच हुई। यानी करीब 81% दुकानों का निरीक्षण नहीं किया गया।इसका मतलब यह नहीं है कि इन सभी दुकानों पर मिलावटी सोना बिक रहा था, लेकिन निगरानी की कमी से ग्राहकों को मिलने वाले हॉलमार्क की विश्वसनीयता पर सवाल जरूर उठते हैं। मंत्रालय से अंतिम प्रतिक्रिया मिलने के बाद कैग की रिपोर्ट संसद में पेश किए जाने की उम्मीद है।
2.3 लाख ज्वैलर्स रजिस्टर्ड, लेकिन जांच की रफ्तार धीमी
देश के 392 जिलों में सोने के गहनों की अनिवार्य हॉलमार्किंग लागू है। इसके तहत करीब 2.3 लाख ज्वैलरी दुकानों ने BIS में रजिस्ट्रेशन कराया है। नियम के मुताबिक, BIS को रजिस्टर्ड ज्वैलर्स के यहां जाकर बाजार में बिक रहे हॉलमार्क वाले गहनों के सैंपल लेने और उनकी शुद्धता की जांच करनी होती है।कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2024-25 के आंकड़े बताते हैं कि 28,865 लाइसेंसधारकों में से सिर्फ 5,444 का निरीक्षण हुआ। बाकी 23,421 ज्वैलर्स की जांच नहीं की गई। पांच साल की अवधि में भी BIS तय निगरानी लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया। रिपोर्ट के अनुसार, असईंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर (AHC) की निगरानी में भी संस्था लक्ष्य से करीब 44% पीछे रही।

कर्मचारियों की कमी बताई, कैग ने जवाब को नहीं माना पर्याप्त
जांच में सामने आई कमियों पर BIS ने कर्मचारियों की कमी को वजह बताया। संस्था का कहना था कि पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण सभी ज्वैलर्स तक पहुंचना मुश्किल है। दूर-दराज के इलाकों से गहनों के सैंपल जुटाने में भी परेशानी आती है।हालांकि, कैग ने इन दलीलों को पर्याप्त नहीं माना। ऑडिट का मुख्य सवाल यह है कि जब हॉलमार्किंग व्यवस्था में बड़ी संख्या में ज्वैलर्स और जांच केंद्र शामिल हैं, तो उनकी नियमित निगरानी के लिए जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
AHC में होती है सोने की शुद्धता की जांच
AHC का पूरा नाम असईंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर है। ये BIS से मान्यता प्राप्त जांच केंद्र होते हैं, जहां ज्वैलर्स अपने गहने शुद्धता की जांच के लिए भेजते हैं। यहां सोने की जांच की जाती है। मानक के अनुरूप पाए जाने पर गहने पर BIS का निशान, उसकी शुद्धता और छह अंकों का अल्फान्यूमेरिक HUID नंबर लगाया जाता है।इस नंबर से हर हॉलमार्क वाले गहने की पहचान और उससे जुड़ी जानकारी डिजिटल तरीके से दर्ज रहती है। ऐसे में इन केंद्रों की निगरानी भी जरूरी है, क्योंकि हॉलमार्किंग की प्रक्रिया में उनकी अहम भूमिका होती है।
ग्राहक BIS Care ऐप से HUID नंबर जांच सकते हैं
ग्राहक सोने के गहने पर दर्ज छह अंकों का HUID नंबर BIS Care ऐप के ‘Verify HUID’ फीचर में डालकर उसकी जानकारी देख सकते हैं। इससे गहने की दर्ज शुद्धता, उसकी पहचान और हॉलमार्किंग से जुड़े विवरण की पुष्टि की जा सकती है।हालांकि, ऐप पर HUID नंबर सही मिलना गहने की वास्तविक शुद्धता का नया लैब टेस्ट नहीं है। यह केवल BIS के रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी की पुष्टि करता है। इसलिए निगरानी व्यवस्था में कमियां होने पर सिर्फ ऐप से नंबर जांच लेना पर्याप्त नहीं माना जा सकता।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
सोने के गहने खरीदते समय उस पर BIS का निशान, कैरेट और शुद्धता का फाइननेस नंबर और छह अंकों का HUID जरूर देखें। खरीदने से पहले BIS Care ऐप पर HUID नंबर की जानकारी भी जांच लें।ज्वैलर से पक्का बिल लें। बिल में गहने का विवरण, सोने का शुद्ध वजन, कैरेट और फाइननेस तथा हॉलमार्किंग चार्ज अलग-अलग दर्ज होने चाहिए। मेकिंग चार्ज और GST की जानकारी भी साफ होनी चाहिए। ध्यान रखें कि BIS के दिशा-निर्देशों के मुताबिक बिल पर HUID नंबर लिखना फिलहाल अनिवार्य नहीं है, इसलिए गहने पर मौजूद नंबर को ऐप से अलग से जांचना जरूरी है।
क्या चांदी के गहनों पर भी हॉलमार्किंग जरूरी है?
नहीं, चांदी के गहनों की हॉलमार्किंग अभी स्वैच्छिक है। हालांकि, 1 सितंबर 2025 से BIS के तहत हॉलमार्क होने वाले चांदी के गहनों पर HUID नंबर अनिवार्य कर दिया गया है। ग्राहक ऐसे गहनों का HUID भी BIS Care ऐप से जांच सकते हैं।
FAQ (Frequently Asked Questions):
CAG की BIS hallmarking report में क्या खुलासा हुआ है?
कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, BIS पिछले पांच साल में 80% से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वैलर्स की सालाना जांच नहीं कर पाया। इससे हॉलमार्क वाले सोने की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
2024-25 में कितने jewellers का BIS inspection नहीं हुआ?
वित्त वर्ष 2024-25 में 28,865 लाइसेंसधारक ज्वैलर्स में से 5,444 का निरीक्षण हुआ। बाकी 23,421 यानी करीब 81% ज्वैलर्स की जांच नहीं की गई।
क्या hallmarked gold jewellery की purity की गारंटी होती है?
हॉलमार्क गहने की शुद्धता के तय मानक के अनुरूप होने का भरोसा देता है। लेकिन निगरानी में कमियों की वजह से हर गहने की शुद्धता की 100% गारंटी मानना सही नहीं है।
BIS hallmarking inspection में क्या कमियां सामने आई हैं?
BIS बड़ी संख्या में रजिस्टर्ड ज्वैलर्स की सालाना जांच नहीं कर पाया। इसके अलावा, हॉलमार्किंग केंद्रों की निगरानी में भी तय लक्ष्य से करीब 44% की कमी सामने आई।
Gold jewellery का HUID number कैसे verify करें?
BIS Care ऐप खोलकर ‘Verify HUID’ विकल्प चुनें। इसके बाद गहने पर दर्ज छह अंकों का HUID नंबर डालें। ऐप पर गहने की दर्ज जानकारी देखी जा सकती है।
क्या BIS Care App से gold purity check कर सकते हैं?
ऐप से HUID नंबर के आधार पर गहने की दर्ज शुद्धता और हॉलमार्किंग से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं। हालांकि, यह गहने का नया लैब टेस्ट नहीं करता।
Hallmarked gold खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
गहने पर BIS का निशान, कैरेट और फाइननेस नंबर और HUID जरूर देखें। BIS Care ऐप से HUID की जांच करें और वजन, शुद्धता, मेकिंग चार्ज व GST की जानकारी वाला पक्का बिल लें।