Home / Latest Updates / FASTag वार्षिक पास योजना
Latest Updates

FASTag वार्षिक पास योजना

भारत में टोल टैक्स और टोल प्लाज़ा पर ट्रैफिक जाम, लंबा इंतज़ार और तकनीकी समस्याएं लम्बे समय से आम परेशानियाँ रही हैं।भले ही सरकार ने इन समस्याओं को दूर करने के लिए FASTag जैसी आधुनिक प्रणाली शुरू की हो, लेकिन फिर भी कई ट

FASTag वार्षिक पास योजना

भारत में टोल टैक्स और टोल प्लाज़ा पर ट्रैफिक जाम, लंबा इंतज़ार और तकनीकी समस्याएं लम्बे समय से आम परेशानियाँ रही हैं।
भले ही सरकार ने इन समस्याओं को दूर करने के लिए FASTag जैसी आधुनिक प्रणाली शुरू की हो, लेकिन फिर भी कई टोल प्लाज़ा पर अब भी भीड़भाड़ और तकनीकी गड़बड़ियाँ बनी रहती हैं।

विशेषकर उन लोगों को अधिक परेशानी होती है जिन्हें रोज़ाना एक ही टोल से बार-बार गुजरना पड़ता है। अगर कभी FASTag में कोई तकनीकी दिक्कत आ जाती है — जैसे बैलेंस अपडेट न होना या स्कैन न हो पाना — तो गाड़ी को रोकना पड़ता है, जिससे न सिर्फ उस व्यक्ति को परेशानी होती है, बल्कि पीछे आने वालों को भी ट्रैफिक जाम झेलना पड़ता है।

 

इन्हीं समस्याओं को जड़ से समाप्त करने के लिए अब सरकार एक नई पहल करने जा रही है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में जानकारी दी है कि सरकार जल्द ही एक वार्षिक टोल भुगतान योजना लाने की तैयारी में है।

इस योजना का उद्देश्य है — वर्षों से चल रही टोल विवादों और असुविधाओं से जनता को मुक्ति दिलाना।

गडकरी ने यह भी संकेत दिया है कि सरकार टोल टैक्स को सरल बनाने के साथ-साथ प्रत्येक यात्रा पर शुल्क को घटाकर लगभग ₹15 तक लाने का विचार कर रही है।

🔹चलिए अब समझते हैं — क्या है यह वार्षिक योजना, कैसे काम करेगी और इससे आम लोगों को क्या फायदे होंगे?

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री द्वारा FASTag आधारित वार्षिक पास योजना की घोषणा की गई है। यह योजना उन यात्रियों के लिए शुरू की गई है जो बार-बार राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सफर करते हैं। ₹3,000 की एकमुश्त राशि में मिलने वाला यह पास टोल भुगतान प्रणाली को सरल और किफायती बनाने का उद्देश्य रखता है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रति यात्रा लागत को कम करके ₹15 तक लाना है, जिससे नियमित यात्रियों को सालाना लगभग ₹7,000 तक की बचत हो सकती है। यह पहल डिजिटल इंडिया और सुगम यात्रा की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

 

यह योजना 15 अगस्त 2025 से लागू की जाएगी। यह वैकल्पिक (optional) होगी और केवल निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों (जैसे कार, जीप, वैन) के लिए उपलब्ध होगी। यह व्यावसायिक (commercial) वाहनों के लिए लागू नहीं है।

इस योजना का लाभ वही वाहन ले सकेंगे जिनके पास पहले से सक्रिय FASTag है और वह वाहन पंजीकृत वाहन नंबर से लिंक है। यह योजना केवल उन्हीं उपभोक्ताओं के लिए है जो पहले से FASTag का उपयोग कर रहे हैं या योजना के लिए पात्रता पूरी करते हैं।

🔹 इससे क्या लाभ होगा ?-

  • असीमित यात्रा सुविधा – यह पास उपयोगकर्ताओं को एक वर्ष तक या 200 टोल क्रॉसिंग (जो पहले हो) तक असीमित टोल पारगमन की सुविधा देता है, बिना प्रत्येक बार भुगतान किए।

    प्रभावी लागत नियंत्रण – प्रति यात्रा औसत लागत ₹15 तक हो सकती है, जिससे भारी बचत संभव है।

    डिजिटल सुविधा – इस पास को राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप या NHAI की वेबसाइट के माध्यम से आसानी से सक्रिय किया जा सकता है।

    सालाना वैधता – यह पास एक वर्ष या 200 यात्राओं तक मान्य रहेगा, इसके बाद यह सामान्य FASTag मोड में वापस आ जाएगा जब तक कि इसे नवीनीकृत न किया जाए।

     

    ठीक है, नियम समझ में आ गया... लेकिन यह 200 यात्राओं की गिनती कैसे होगी?

    ओपन टोलिंग: प्रत्येक टोल प्लाजा को पार करना एक यात्रा (ट्रिप) के रूप में गिना जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि आप दिल्ली से आगरा की यात्रा करते हैं और रास्ते में यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर, मथुरा और आगरा टोल प्लाज़ा आते हैं, तो इन्हें तीन अलग-अलग यात्राएं माना जाएगा — भले ही यह एक ही सफर क्यों न हो।

    क्लोज्ड टोलिंग: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसे मार्गों पर, जहां सिर्फ प्रवेश (एंट्री) और निकास (एग्जिट) बिंदु होते हैं, वहाँ पूरी यात्रा को एक ट्रिप माना जाएगा — बीच में कितने भी टोल प्वाइंट क्यों न आएं।

    अगर 200 यात्राएं साल के समाप्त होने से पहले ही पूरी हो जाती हैं, तो उपयोगकर्ता नया पास खरीद सकता है और आगे की यात्राएं जारी रख सकता है।

🔹तो क्या यह सुविधा हर वाहन और राजमार्ग में मान्य होगी?

  • नहीं, अगर वाहन की बात करे तो यह पास केवल उसी वाहन के लिए मान्य होगा जिस पर यह FASTag पंजीकृत है — यह स्थानांतरित नहीं किया जा सकता

    और यह सुविधा केवल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे (NE) पर लागू होगी, जो कि केंद्र सरकार द्वारा प्रबंधित हैं। यह योजना राज्य राजमार्गों (SH) या स्थानीय टोल प्लाज़ा पर लागू नहीं होगी।

     

    मौजूदा उपयोगकर्ताओं के लिए प्रक्रिया-

    जिनके पास पहले से सक्रिय FASTag मौजूद है, उन्हें नया टैग लेने की आवश्यकता नहीं है। इस योजना का लाभ लेने के लिए मौजूदा टैग पर योग्यता सत्यापन के बाद वार्षिक पास जोड़ा जा सकता है। इसका मतलब है कि सुविधा का उपयोग करना आसान है और पुनः रजिस्ट्रेशन की कोई आवश्यकता नहीं है।

     

    अब आइए समझ लेते है “FASTag प्रणाली: क्या है?

    FASTag एक संपर्क रहित (contactless) टोल भुगतान प्रणाली है, जो रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) तकनीक पर आधारित है। इसे 2014 में लॉन्च किया गया था और 2021 से चार-पहिया वाहनों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है।

    यह एक स्टिकर के रूप में वाहन की विंडशील्ड पर लगाया जाता है, जो एक प्रीपेड वॉलेट या बैंक खाते से जुड़ा होता है। जब वाहन इलेक्ट्रॉनिक टोल गेट से गुजरता है, तो टोल शुल्क स्वतः कट जाता है।

    यह प्रणाली न केवल समय की बचत करती है बल्कि ट्रैफिक जाम को कम करनेईंधन की खपत को घटाने, और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने में भी मददगार है।

    मोटर वाहन नियमों के अनुसार: सभी नए चार-पहिया वाहनों के लिए FASTag अनिवार्य है। फिटनेस सर्टिफिकेट और राष्ट्रीय परमिट के नवीनीकरण के लिए FASTag आवश्यक है।

  • FASTag वार्षिक पास से संबंधित FAQs:

    FASTag वार्षिक पास क्या है?

    FASTag पर सक्रिय किया गया वार्षिक पास निजी कार/जीप/वैन को निर्धारित राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे (NE) शुल्क प्लाज़ा से एक वर्ष या 200 यात्राएं (जो भी पहले हो) तक नि:शुल्क गुजरने की अनुमति देता है, बिना प्रति यात्रा शुल्क के।
    यह वार्षिक पास 15 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा।

     

    मैं वार्षिक पास कहाँ से खरीद सकता हूँ?

    वार्षिक पास केवल Rajmargyatra मोबाइल एप्लिकेशन और NHAI वेबसाइट पर ही उपलब्ध है।

     

    वार्षिक पास कैसे सक्रिय होगा?

    वार्षिक पास वाहन और संबंधित FASTag की पात्रता की पुष्टि के बाद सक्रिय किया जाएगा। सफल सत्यापन के बाद उपयोगकर्ता को वर्ष 2025-26 के लिए ₹3,000 का भुगतान करना होगा, जो Rajmargyatra मोबाइल एप्लिकेशन या NHAI वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है। भुगतान की पुष्टि होते ही वार्षिक पास पंजीकृत FASTag पर सक्रिय हो जाएगा।

     

    क्या वार्षिक पास अनिवार्य है, या यदि कोई रोड यूज़र वार्षिक पास नहीं लेना चाहता तो?

    वार्षिक पास अनिवार्य नहीं है। मौजूदा FASTag व्यवस्था पहले की तरह कार्य करती रहेगी। जो उपयोगकर्ता वार्षिक पास नहीं लेना चाहते, वे अपने FASTag का उपयोग सामान्य लेन-देन के लिए कर सकते हैं और शुल्क प्लाज़ा पर लागू शुल्क दरों का भुगतान कर सकते हैं।

     

    अगर एक साल पूरा नहीं हुआ लेकिन 200 यात्राएं पूरी हो गईं तो क्या दोबारा वार्षिक पास खरीदा जा सकता है?

  • हाँ, जैसे ही 200 यात्राओं की सीमा समाप्त हो जाती है, आप वार्षिक पास दोबारा खरीद सकते हैं, चाहे एक वर्ष की वैधता अवधि अभी समाप्त न हुई हो।

    अगर मेरे पास पहले से FASTag है, तो क्या वार्षिक पास के लिए नया खरीदना पड़ेगा?

    नहीं, आपको नया FASTag खरीदने की जरूरत नहीं है।
    वार्षिक पास आपके मौजूदा FASTag पर सक्रिय किया जा सकता है, बशर्ते वह पात्रता मानदंडों को पूरा करता हो (जैसे - वाहन की विंडशील्ड पर सही तरीके से चिपका हो, मान्य वाहन पंजीकरण संख्या से जुड़ा हो, ब्लैकलिस्ट न हो आदि)।

     

    कौन-कौन से टोल प्लाज़ा वार्षिक पास के अंतर्गत आते हैं?

    यह केवल नेशनल हाईवे (NH) और नेशनल एक्सप्रेसवे (NE) टोल प्लाज़ा पर ही मान्य है। एक्सप्रेसवे, स्टेट हाईवे (SH) आदि जो राज्य सरकारों या स्थानीय निकायों द्वारा संचालित हैं, वहां FASTag सामान्य रूप से ही कार्य करेगा और सामान्य शुल्क लागू हो सकते हैं।

     

    क्या वार्षिक पास सभी प्रकार के वाहनों के लिए उपलब्ध है?
    नहीं, वार्षिक पास केवल प्राइवेट गैर-व्यावसायिक कार/जीप/वैन के लिए लागू है। व्यावसायिक वाहन में उपयोग की स्थिति में वार्षिक पास बिना किसी सूचना के तुरंत निष्क्रिय कर दिया जाएगा।

     

    क्या मैं वार्षिक पास ले सकता हूँ अगर मेरा FASTag चेसिस नंबर से रजिस्टर्ड है?

    नहीं, केवल चेसिस नंबर से रजिस्टर्ड FASTag पर वार्षिक पास जारी नहीं किया जा सकता। वार्षिक पास को सक्रिय करने के लिए आपको वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर (VRN) अपडेट करना होगा।

     

    वार्षिक पास में एक सिंगल ट्रिप किसे माना जाएगा?
    पॉइंट-बेस्ड टोल प्लाज़ा: टोल पार करने को एक ट्रिप माना जाएगा। आना-जाना (To and Fro) दो ट्रिप मानी जाएगी।
    क्लोज़्ड टोलिंग टोल प्लाज़ा: प्रवेश और निकासी की एक जोड़ी को एक ट्रिप माना जाएगा।

     

    क्या मुझे वार्षिक पास से संबंधित SMS अलर्ट मिलेंगे?

    हाँ, वार्षिक पास को सक्रिय करने पर आप सहमति देते हैं कि राजमार्गयात्रा आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को उस बैंक से प्राप्त करे, जिससे FASTag जुड़ा है, ताकि SMS अलर्ट और अन्य संचार माध्यमों के जरिए जानकारी भेजी जा सके।

     

    वार्षिक पास कितने समय तक वैध रहेगा?

    वार्षिक पास की वैधता सक्रिय होने की तिथि से एक वर्ष या 200 ट्रिप (जो भी पहले हो) तक होती है।

    जैसे ही 200 ट्रिप पूरी हो जाती हैं या एक वर्ष पूरा हो जाता है, यह पास स्वतः सामान्य FASTag में बदल जाएगा।
    लाभ जारी रखने के लिए पास को दोबारा सक्रिय करना होगा जिससे फिर से 200 ट्रिप या 1 वर्ष की वैधता मिलेगी।

     

    क्या मैं वार्षिक पास को किसी अन्य वाहन में ट्रांसफर कर सकता हूँ?
    नहीं, यह पास ट्रांसफरेबल नहीं है। यह केवल उसी वाहन पर मान्य होगा जिस पर FASTag चिपका और रजिस्टर्ड है।
    किसी अन्य वाहन में इसका उपयोग करने पर यह निष्क्रिय (deactivate) हो जाएगा।

     

    क्या वाहन की विंडशील्ड पर FASTag चिपकाना जरूरी है?
    हाँ, वार्षिक पास तभी सक्रिय होगा जब FASTag वाहन की विंडशील्ड पर सही तरीके से चिपका हुआ हो।
Was this article useful?

Comments 0

Comments are currently closed for this article.
No comments yet. Be the first to join the conversation.